Voice of Eastern India

सुपौल में किशोर की हत्या कर रेलवे पटरी पर फेंका शव, शाम से था लापता


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही वार्ड 17 में 14 वर्षीय किशोर सत्यम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने रेलवे पटरी के पास किशोर का शव देखा। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। प्रथमदृष्टया पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।

मृतक की पहचान लिटियाही वार्ड 17 निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। उसकी मां का नाम बबीता देवी है। सत्यम दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई सौरभ कुमार है।

परिजनों के अनुसार, सत्यम बुधवार शाम करीब 4 बजे से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे पटरी पर उसका शव पड़ा देखा गया। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई।

पुलिस के अनुसार, शव रेलवे पटरी पर फेंके जाने की आशंका है। किशोर के सिर पर दो जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिर पर रॉड या किसी धारदार वस्तु से वार किया गया होगा। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किशोर की मौत के पीछे कौन है और उसे रेलवे पटरी तक कैसे लाया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

इधर, पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आवश्यक जांच और कार्रवाई में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.