राज्य के चार सेंट्रल जेलों के कैदी जल्द ही पेट्रोल पंप चलाएंगे।
न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना: राज्य के चार सेंट्रल जेलों के कैदी जल्द ही पेट्रोल पंप चलाएंगे। मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर और बक्सर केंद्रीय कारा की खाली पड़ी जमीन पर पेट्रोल पंप का संचालन किया जाएगा।
इसके लिए राज्य सरकार पेट्रोलियम कंपनियों को सिर्फ जमीन मुहैया कराएगी। पेट्रोलियम कंपनियां ही सारा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करेंगी।
राज्य सरकार को कोई भी राशि खर्च नहीं करनी है। सम्राट कैबिनेट से इसकी स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। पेट्रोल पंप शुरू होने के बाद सेंट्रल जेल के औसत 50-50 कैदियों को तेल भरने से लेकर रखरखाव आदि का काम मिलेगा।
इसके बदले कैदियों को पारिश्रमिक का भी भुगतान किया जाएगा। राज्य सरकार को भी कमाई में हिस्सेदारी मिलेगी जिससे सरकारी राजस्व प्राप्त होगा।
इसी माह पेट्रोलियम कंपनियों से करार के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। गृह विभाग (कारा) के अनुसार, मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा और पूर्णिया केंद्रीय कारा में इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड (IOCL) का चयन किया गया है।
वहीं भागलपुर के शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा और बक्सर केंद्रीय कारा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का चयन पेट्रोल पंप संचालन के लिए किया गया है।
एमओयू प्रस्ताव आ चुका है, जिस पर इसी पखवारे पेट्रोलियम कंपनियों और जेल अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
कारा प्रशासन के अनुसार, पेट्रोल पंपों पर बेहतर आचरण वाले कैदियों को काम में लगाया जाएगा। इसके अलावा ऐसे कैदी जो लंबी जेल की सजा काट चके हैं, और उनकी बहुत कम सजा बची हैं, उनकी सेवाएं भी ली जाएंगी।
