रेलवे ने पटना और प्रयागराज के बीच अनारक्षित मेमू मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: शारदीय नवरात्र के दौरान विंध्याचल में लगने वाले दुर्गा पूजा मेले में श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पटना और प्रयागराज के बीच अनारक्षित मेमू मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक रोजाना चलेगी। इसके परिचालन से आरा समेत रास्ते के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी यातायात में सुविधा होगी।
गाड़ी संख्या 04182 प्रयागराज-पटना मेमू मेला स्पेशल प्रयागराज से प्रतिदिन सुबह 11:15 बजे चलेगी और शाम 6:08 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। इस ठहराव के बाद 7 बजे दानापुर और रात 8:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
फिर वापसी में गाड़ी संख्या 04181 पटना-प्रयागराज मेमू मेला स्पेशल पटना जंक्शन से रोजाना रात 9 बजे चलेगी। यह रात 9:20 बजे दानापुर और 10:05 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद रात 11:30 बजे बक्सर होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंच जाएगी।
यह ट्रेन नैनी, मेजा रोड, मांडा रोड, विंध्याचल, मिर्जापुर, चुनार, डीडीयू और बक्सर समेत विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे की इस पहल से नवरात्रि मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
