Voice of Eastern India

राबड़ी आवास विवाद के बीच रोहिणी का बड़ा सियासी संदेश, बोलीं- ‘अकेले गद्दारों पर भारी हूं’


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

अश्मित सिन्हा ( संवाददाता ) / पटना – पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय के बाहर सोमवार को एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया। यह पोस्टर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के जन्मदिन के अवसर पर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा गया है, “न हौसला टूटा है, न हिम्मत हारी है, मैं लड़ना जानती हूं, अकेले गद्दारों पर भारी हूं।” हाल के दिनों में रोहिणी आचार्य द्वारा पार्टी और परिवार को लेकर दिए गए बयानों के बाद यह पोस्टर कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे रोहिणी की ओर से एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि सिंगापुर में रहने वाली रोहिणी हालिया विवादों के बाद अब तक बिहार नहीं लौटी हैं, लेकिन उनके जन्मदिन पर लगाए गए इस पोस्टर ने नए राजनीतिक कयासों को जन्म दे दिया है।

हाईलाइट्स – 

  • रोहिणी आचार्य के जन्मदिन पर राजद कार्यालय के बाहर लगा चर्चित पोस्टर।
  • पोस्टर में लिखा, “न हौसला टूटा है, न हिम्मत हारी है, अकेले गद्दारों पर भारी हूं।”
  • राबड़ी देवी को आवास खाली करने के नोटिस पर राजद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
  • राजद ने साफ कहा, लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करेगा।
  • अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सरकार पर विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
  • सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप।

राबड़ी आवास विवाद पर राजद का हमला, मकान खाली नहीं करने का ऐलान

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के नोटिस को लेकर राजद ने मोर्चा खोल दिया है। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल और शिवचंद्र राम ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। राजद नेताओं ने स्पष्ट किया कि लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली नहीं करेगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब एनडीए के कई सांसदों और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विभिन्न सरकारी आवास उपलब्ध हैं, तब केवल लालू परिवार को निशाना बनाना राजनीतिक द्वेष को दर्शाता है। राजद ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को कमजोर करने और उसके अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रही है।

लोकतंत्र को तिलांजलि दे रही सरकार, सम्राट चौधरी पर बरसे सिद्दीकी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार की कमियों को उजागर करना होती है, लेकिन वर्तमान सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास और कर्ज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय विपक्ष को परेशान करने में लगी है। सिद्दीकी ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास का विस्तार कर उपमुख्यमंत्री आवास को भी उसमें मिला लिया गया है और अब उसका क्षेत्रफल लगभग 15 एकड़ तक पहुंच गया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मंत्री नितिन नवीन को किस आधार पर सरकारी आवास आवंटित किया गया है। सिद्दीकी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह आवासों का विलय किया जा रहा है, उससे लगता है कि भविष्य में 10 सर्कुलर रोड को भी मुख्यमंत्री आवास में मिला लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – PMJJBY पर बड़ा झटका: बिहार में 22 लाख परिवार बीमा सुरक्षा से हुए बाहर,देश में दूसरे नंबर पर पहुंचा राज्य

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.