न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार पुलिस में अपना करियर तलाश रहे युवक, युवतियों के लिए खुशखबरी है। पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि अगले दो से ढाई महीने में 26 हजार से अधिक नये पदों पर बिहार पुलिस में बहाली होगी। विभिन्न परीक्षा आयोगों के माध्यम से प्रक्रिया चल रही है। इस अवधि में भर्ती की सभी प्रक्रिया पूरी कर नव नियुक्त पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग के बाद सेवा का अवसर दिया जाएगा।
शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दारोगा के 1799 पदों पर बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग और चालक सिपाही के 4361 पदों पर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के माध्यम से बहाली चल रही है। दारोगा की मुख्य परीक्षा 27 मई 2026 को हुई है जबकि चालक सिपाही के लिए मोटर वाहन चालक दक्षता परीक्षा 22 से शुरू होगी। इसके सहित कुल 26574 पदों पर पुलिस में बहाली प्रक्रिया चल रही है, जिसे दो-ढाई महीने में पूरा कर लिया जायेगा।
डीजीपी ने कहा कि 22 हजार से अधिक सिपाहियों की नियुक्ति कर जिलों में योगदान कराया जा चुका है। इससे राज्य में पुलिस बल की संख्या बढ़ कर 1.21 लाख हो गई है। कानून व्यवस्था बहाल रखने और अनुसंधान कार्य को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक संख्या में बहाली की जाएगी। बिहाल पुलिस को हर प्रकार से स्ट्रॉंग किया जाएगा।
डीजीपी ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में 50 हजार से अधिक सिपाही की नियुक्ति हो चुकी है, जो कुल पुलिस बल का 40 फीसदी है। डीजीपी ने बताया कि स्कूल-कॉलेजों के पास पुलिस दीदी की तैनाती की नयी व्यवस्था हुई है। इसके लिए 1500 स्कूटी खरीद के लिए शुक्रवार को ऑर्डर दे दिया गया है। 15 दिन में इसकी आपूर्ति हो जायेगी। इसके बाद अगले एक महीने में पुलिस कर्मियों को 3100 बाइक भी मुहैया करा दी जाएगी।
बिहार पुलिस को मजबूत किया जा रहा है। पिछले कुछ सालों में बड़े पैमाने पर बहाली की गई है। राज्य में महिला पुलिस कर्मियों की संख्या देश भर में सबसे अधिक है। होम गार्ड में उनकी भर्ती की जा रही है। बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर को डीएसपी में प्रोन्नति दी गई है। सिपाही, एएसआई और एसआई के पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। इनमें कई टेक्निकल पद भी शामिल हैं।
बिहार में सरकारी नौकरी का बड़ा क्रेज है। एक नौकरी के लिए युवा 10-12 सालों तक तैयारी करते हैंं। सरकारी जॉब मिलने से सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ जाती है। बिहार पुलिस में जॉब पाने के लिए भी बड़ी संख्या में युवक युवतियां वर्षों तक मेहनत करते हैं।
