न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर बिहार सरकार इस बार किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने संयुक्त बैठक कर साफ कर दिया है कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद इस महापरीक्षा की तैयारियों की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि पिछली बार की तरह इस बार कोई विवाद न खड़ा हो सके।
देश के इतिहास में पहली बार: वायुसेना और डाक विभाग की जुगलबंदी से पहुंचेगा पेपर
प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को अभेद्य किला बनाने के लिए इस बार भारतीय वायुसेना (IAF) के विंग्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। वायुसेना और डाक विभाग मिलकर पेपरों को राज्य के मुख्य हब्स तक लैंड कराएंगे। इस हाई-टेक और सुपरफास्ट ट्रांसपोर्टेशन की बदौलत देश के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि अंतिम परीक्षा केंद्र तक नीट का पेपर महज 2 से 3 घंटे के भीतर सुरक्षित डिलीवर हो जाएगा।
34 जिलों में चक्रव्यूह तैयार; पटना में परीक्षा का सबसे बड़ा सैलाब
बिहार के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 एग्जाम सेंटर्स का चक्रव्यूह तैयार किया गया है। सूबे से कुल 1 लाख 56 हजार से ज्यादा भविष्य के डॉक्टर इस परीक्षा में ताल ठोकेंगे। परीक्षा का सबसे बड़ा केंद्र राजधानी पटना को बनाया गया है, जहाँ 95 केंद्रों पर अकेले 46,029 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
साइबर सेल की ‘थ्री-लेयर’ नजर; फर्जी पेपर या अफवाह फैलाई तो नपेंगे
सोशल मीडिया पर पेपर लीक का झूठा दावा करने या फर्जी सवाल पत्र वायरल कर सनसनी फैलाने वाले गिरोहों पर पुलिस काल बनकर टूटने को तैयार है। डीजीपी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अफवाहबाजों पर 24 घंटे पैनी नजर है। पैनिक क्रिएट करने की कोशिश करने वालों को बिना किसी देरी के तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
रडार पर आए ‘दागी’ कोचिंग संस्थान, खुफिया विंग चौबीसों घंटे रखेगी नजर
परीक्षा माफियाओं के बैकग्राउंड कनेक्शन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए बिहार के तमाम कोचिंग संस्थान रडार पर हैं। जिन संस्थानों का रिकॉर्ड पहले कभी भी संदिग्ध रहा है, उन्हें ‘स्पेशल वॉचलिस्ट’ में डाल दिया गया है। खुफिया विभाग की टीमें सादे लिबास में ऐसे ठिकानों की टोह ले रही हैं।
मैजिस्ट्रेट संभालेंगे मोर्चा, महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि
हर सेंटर के बाहर और भीतर सुरक्षा की कमान मैजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल के पास होगी। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। गोपनीयता और सम्मान का ख्याल रखते हुए महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला सुरक्षाकर्मी ही लेंगी।
सरकारी बसों में ‘नो टिकट’, सफर बिल्कुल मुफ्त
दूर-दराज के इलाकों से आने वाले छात्रों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने घोषणा की है कि परीक्षा के दिन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में छात्रों से एक भी रुपया नहीं लिया जाएगा। वे एडमिट कार्ड दिखाकर बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। चिलचिलाती गर्मी और लू को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में रेल पुलिस को मुस्तैद रहने को कहा गया है। वहीं, सेंटर्स के बाहर इंतजार करने वाले अभिभावकों के लिए छायादार टेंट लगाए जाएंगे, जहाँ पीने का ठंडा पानी, ओआरएस (ORS), सत्तू और इमरजेंसी मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी।
योग दिवस के बीच भी नहीं डिगेगी व्यवस्था, हर दिन होगी ‘अग्निपरीक्षा’
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और नीट की यह परीक्षा एक ही दिन टकरा रही हैं। इसके बावजूद मुख्य सचिव ने आश्वस्त किया है कि दोनों आयोजन बिना किसी बाधा के होंगे, लेकिन परीक्षा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों (SPs) को आदेश दिया है कि वे हर शाम तैयारियों की समीक्षा रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें।
