Voice of Eastern India

कल बिहार के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात का भी खतरा 


न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से जारी रिपोर्ट के पूर्वानुमान के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. जबकि कुछ जगहों पर भारी पानी भी बरसा है. खासकर रोहतास जिले में बादलों ने सबसे ज्यादा मेहरबानी दिखाई है. 

रोहतास में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान रोहतास जिले में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई. यहां के कई इलाकों में पानी अच्छा-खासा बरसा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. प्रमुख वर्षा के आंकड़े रोहतास में सबसे अधिक 100.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. जबकि नौहट्टा में 48.8 मिमी, कटिहार में 40 मिमी, और खगड़िया के बाल्तारा में 40.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा भभुआ, औरंगाबाद और किशनगंज के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है.

कैसा रहा तापमान का हाल?

राज्य में तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस से 37.4 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. सबसे गर्म पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकि नगर में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रात और सुबह के समय सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतास के डेहरी में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जिससे मौसम सुहाना हो गया. पूरे राज्य का न्यूनतम तापमान 25.5 से 28.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. हवा की गति की बात करें तो मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) और मोकामा में हवाएं 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं.

कल कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर देखने को मिलेगा. 27 अगस्त को वर्षा की स्थिति बनेगी. राज्य के पश्चिमी भागों के अनेक स्थानों पर, मध्य भाग के कुछ स्थानों पर, जबकि पूर्वी भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. 

तापमान की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान (31.6 डिग्री सेल्सियस से 37.4 डिग्री सेल्सियस के बीच) और न्यूनतम तापमान (25.5 डिग्री सेल्सियस से 28.8 डिग्री सेल्सियस के बीच) में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा. तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा.

खास चेतावनी

मौसम विभाग ने कल के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है. कल यानी 27 अगस्त को राज्य के भबुआ, रोहतास और सिवान जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है. इन जिलों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग, उत्तर-पश्चिम भाग, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य भागों के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.