Voice of Eastern India

दिवाली पर किस समय करें मां लक्ष्मी की पूजा? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व



दीपों का त्योहार दिवाली इस साल 8 नवंबर 2026 (रविवार) को मनाया जाएगा।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: दीपों का त्योहार दिवाली इस साल 8 नवंबर 2026 (रविवार) को मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में दिवाली का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देव की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि दिवाली की रात विधि-विधान से माता लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य और खुशहाली आती है। ऐसे में आइए जानते हैं दिवाली पर लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इसका धार्मिक महत्व।

दिवाली 2026 में कब है?

हिंदू पंचांग के अनुसार, दिवाली का पर्व हर साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस बार दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूरा कर और रावण पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरे नगर को रोशन किया था। तभी से दिवाली पर दीप जलाने की परंपरा चली आ रही है।

लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त

द्रिक पंचांग के अनुसार, दिवाली 2026 पर अमावस्या तिथि और माता लक्ष्मी की पूजा का शुभ समय इस प्रकार है।

  • दिवाली की तारीख: 8 नवंबर 2026, रविवार
  • अमावस्या तिथि शुरू: 8 नवंबर, सुबह 11:27 बजे
  • अमावस्या तिथि समाप्त: 9 नवंबर, दोपहर 12:31 बजे
  • लक्ष्मी पूजा मुहूर्त: शाम 5:54 बजे से रात 7:50 बजे तक
  • प्रदोष काल: शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक
  • दिवाली पर कैसे करें माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा?

दिवाली के दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा विधि-विधान से करने की परंपरा है। पूजा के लिए इन बातों का ध्यान रखें।

सबसे पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह साफ-सफाई करें।
घर को दीपों, फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाएं।
पूजा स्थल पर एक चौकी रखें और उस पर साफ कपड़ा बिछाकर माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देव की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
भगवान के सामने घी या तेल का दीपक जलाएं और गणेश जी का ध्यान करके पूजा शुरू करें।
रोली, अक्षत, फूल, फल, धूप-दीप और मिठाई अर्पित करें।
माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करें। इस दौरान मंत्रों का जाप भी कर सकते हैं।
अंत में माता लक्ष्मी और गणेश जी की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।

दिवाली पर माता लक्ष्मी की पूजा का क्या है धार्मिक महत्व?

हिंदू धर्म में दिवाली को माता लक्ष्मी के स्वागत और आराधना का विशेष पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य का आगमन होता है।

वहीं, भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और शुभ कार्यों का देवता माना जाता है। यही वजह है कि दिवाली पर माता लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा की जाती है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी देता है।

इस दिवाली अपने घर को दीपों से रोशन करें और परिवार के साथ श्रद्धा एवं उल्लास से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना करें।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.