Voice of Eastern India

नगर निगम कर्मियों की तीन सूत्री मांगों पर जल्द होगा समाधान: डॉ. प्रेम कुमार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
अभिषेक राज / गया जी:
बिहार में नगर निकायों के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों की पिछले चार दिनों से जारी राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच सोमवार को गया के सर्किट हाउस में धरनारत निगम कर्मियों ने स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुलाकात कर अपनी तीन सूत्री मांगों से अवगत कराया। कर्मचारियों ने मांगों के शीघ्र समाधान की अपील करते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।

मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार में नगर निकायों के कर्मचारी और सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं, जिससे आम जनता को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से बातचीत की है। मंत्री ने जानकारी दी कि 28 जुलाई को कर्मचारी नेताओं के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन किसी कारणवश वह सफल नहीं हो सकी। अब जल्द ही दोबारा बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सफाई कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और हड़ताल समाप्त हो, ताकि शहरों में सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए नगर आयुक्त को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और हड़ताल समाप्त होने के बाद लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। निजी एजेंसियों के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मियों की सुविधाओं सहित अन्य मांगों पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।

वहीं, सफाई कर्मियों के नेता कुमार जितेंद्र ने कहा कि गया के स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुलाकात कर तीन सूत्री मांगों को विस्तार से रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार इन मांगों पर विचार करेगी। जितेंद्र कुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि जब तक पटना में मंत्री स्तर पर कर्मचारी संगठनों के साथ तीन सूत्री मांगों पर ठोस वार्ता नहीं होती और समाधान नहीं निकलता, तब तक पूरे बिहार में नगर निकाय कर्मचारियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक वापस नहीं लिया जाएगा, जब तक सरकार मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती।
 

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.