बिहार में पूर्व संचालित 1731 कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को पटना में केंद्र संचालकों ने धरना-प्रदर्शन किया।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना: बिहार में पूर्व संचालित 1731 कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को पटना में केंद्र संचालकों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बिहार कौशल विकास मिशन के KYP केंद्र संचालक बड़ी संख्या में नियोजन भवन के गेट के पास जुटे। प्रदर्शन में 200 से अधिक संचालक शामिल हुए। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नियोजन भवन के गेट के पास जुटे, जिन्हें पुलिस बल ने खदेड़ दिया है।
नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारों से गूंजा प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान इन सभी ने नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीतीश जी की सरकार में लोगों की बातें सुनी जाती थी। साथ ही इन लोगों ने सम्राट चौधरी सरकार पर सवाल खड़े किए। कहा कि सिर्फ हम हीं नहीं, हर कोई परेशान है।
केंद्र संचालकों का कहना है कि विभागीय स्तर पर हुई बातचीत के दौरान सभी पुराने KYP केंद्रों को चालू रखने का आश्वासन मिला था। बावजूद इसके बाद में सिर्फ 871 केंद्रों पर KYP डिजिटल मित्र कार्यक्रम शुरू करने के लिए अधिसूचना जारी की गई। इस कारण बड़ी संख्या में पुराने केंद्र संचालकों के सामने रोजगार और संचालन को लेकर संकट पैदा हो गई है।
प्रदर्शनकारी संचालक पुरानी प्रशिक्षण व्यवस्था को फिर से बहाल करने के साथ-साथ सभी 1731 पूर्व संचालित केंद्रों को फिर से शुरू करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि पहले की तरह केंद्रों की इंटेक क्षमता भी बहाल की जाए, ताकि युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
