न्यूज 11 भारत पटना डेस्क : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर बांका जिला के 54 किलोमीटर लंबे कांवड़िया पथ को इस बार नए और भव्य स्वरूप में सजाया जा रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर धौरी से दुम्मा तक पूरे मार्ग को शिवमय बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है।
मिली जानकारी के अनुसार, धौरी स्थित जिला प्रवेश द्वार पर शिवलिंग, त्रिशूल और भगवान भोलेनाथ की आकर्षक आकृतियों के साथ रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगी। प्रमुख धर्मशालाओं के सामने भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की जा रही है।
डीएम की पहल पर दिल्ली से पहुंची डेकोरेशन टीम लगातार सजावट के कार्य में जुटी है। धौरी स्थित प्रवेश द्वार को प्लाई और आकर्षक डिजाइन से तैयार कर गेरुआ रंग दिया गया। इस पर आधुनिक एलईडी लाइटिंग की जा रही है, जिससे प्रवेश करते ही कांवड़ियों को धार्मिक वातावरण का अनुभव होगा। इसके अलावा कांवड़िया पथ के प्रमुख स्थलों पर दिल्ली में तैयार कराए गए विशाल त्रिशूल, शिवलिंग और भोलेनाथ की आकृतियां स्थापित की जा रही हैं।
इस बार पहली बार कांवरिया पथ पर विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीन पर श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की संध्या आरती और जलार्पण का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इससे यात्रा के दौरान ही कांवड़ियों को देवघर धाम की आध्यात्मिक अनुभूति मिलेगी और उनकी श्रद्धा का भाव और प्रगाढ़ होगा।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने स्वयं कांवड़िया पथ का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया है। सजावट में लगे कारीगरों के अनुसार सभी डिजाइन विशेष रूप से दिल्ली में तैयार कराए गए हैं।
30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार आकर्षक रोशनी, आधुनिक सजावट और धार्मिक माहौल के कारण बांका का कांवड़िया पथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
