न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : सिवान के बड़हरिया बाजार में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक महीने के लिए नया रूट प्लान लागू करने का निर्णय लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-115 के तहत आगामी एक अगस्त से एक सितंबर तक चिह्नित मार्गों पर नए यातायात प्रबंधन के अनुसार वाहनों के परिचालन का आदेश जारी किया है।
बता दें कि नई व्यवस्था के तहत गोपालगंज एवं बरौली की ओर से आने वाले सभी वाहन जामो और तरवारा मार्ग होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। जबकि, तरवारा एवं जामो की ओर से गोपालगंज, सिवान और बरौली जाने वाले सभी वाहनों को पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए थाना चौक मार्ग से गुजरना पड़ेगा। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से बड़हरिया बाजार के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुचारु हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और नगर पंचायत बड़हरिया के कार्यपालक पदाधिकारी को नए रूट प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। इस कड़ी में आवश्यकता के अनुसार प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था बनाए रखा जाएगा।
नगर पंचायत को बैरिकेडिंग स्थलों पर पोस्टर, बैनर और सांकेतिक बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को नई यातायात व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी मिल सके। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने तथा यातायात पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि बड़हरिया बाजार में जाम की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
