न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
शादाब अख्तर / मधुबनी : मधुबनी ज़िला के लौकहा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने थाना चौक से पूरब बस स्टैंड रोड स्थित एनएच-227 पर एक टेम्पो की तलाशी के दौरान यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लौकहा निवासी शिवनारायण साह के पुत्र शिवशंकर साह (23) और भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के झंडापुर निवासी सुशील चौधरी के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुशील चौधरी भारत-नेपाल सीमा के बलान नदी मार्ग से लौकहा पहुंचा था और वहां से बस के माध्यम से भागलपुर जाने की तैयारी में था। इसी दौरान ऑटो चालक शिवशंकर साह उसे बस स्टैंड पहुंचाने जा रहा था। जांच में यह भी पता चला कि सुशील चौधरी ऑटो चालक के घर पर ठहरा था।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब गांजा की खरीद, परिवहन और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
