न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी: गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अपराधियों ने घेर कर की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार गुरुआ बाजार स्थित एस ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक प्रभाकर बरनवाल रोजाना की तरह बुधवार की शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि उनके साथ ड्राइवर व स्टाफ भी मौजूद था। इसी दौरान करमाईन की ओर से दो बाइक पर सवार चार अपराधी पहुंचे और व्यवसायी को घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
छह राउंड चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने करीब छह राउंड गोली चलाई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। फायरिंग के दौरान एक गोली प्रभाकर बरनवाल के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के संबंध में ड्राइवर व स्टाफ सुभाष संगत ने बताया कि फायरिंग के दौरान बदमाश लगातार धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि “जमीन क्यों नहीं लिख रहे हो।” इसके बाद अपराधियों ने व्यवसायी के पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा पांच लाख रुपये नकद रखे थे।
फायरिंग कर भागे अपराधी
लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी गुरारू की ओर भाग निकले। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद गुरुआ बाजार के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और व्यवसायियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
