न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजन कार्यालय, वैशाली की ओर से नियोजक आपके द्वार नीति के तहत जिले के सभी प्रखंडों में रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
22-17 जुलाई तक चलेगा मेला
यह अभियान 22 जून से शुरू हो रहा है। इसका समापन 17 जुलाई को हाजीपुर सदर स्थित जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) में होगा। कैंप का समय सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार 22 जून को महुआ, 23 जून को पातेपुर, 24 जून को चेहराकलां, 25 जून को जंदाहा, 27 जून को महनार, 30 जून को देसरी, 1 जुलाई को सहदेई बुजुर्ग, 2 जुलाई को बिदुपुर, 3 जुलाई को राघोपुर, 4 जुलाई को राजापाकर, 5 जुलाई को वैशाली, 7 जुलाई को पटेढ़ी बेलसर, 8 जुलाई को भगवानपुर, 9 जुलाई को गोरौल, 10 जुलाई को लालगंज तथा 11 जुलाई को हाजीपुर सदर स्थित डीआरसीसी में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
320 पदों पर होगी भर्ती
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियां मैट्रिक, इंटर, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए कुल 320 पदों पर भर्ती करेंगी। चयन प्रक्रिया के तहत नियोजक मौके पर ही अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन करेंगे। जिला नियोजनालय इस प्रक्रिया में सुविधा प्रदाता की भूमिका निभाएगा।
किस पोस्ट के लिए कितने अभ्यर्थियों का चयन
रोजगार मेले में टेरियर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड 150 पदों पर सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर, ग्लोबल आटो टेक लिमिटेड 50 पदों पर, श्नाइडर इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड 50 पदों पर प्रोडक्शन एसोसिएट, ऋषभ ऑटोमोबाइल 20 पदों पर सेल्स एवं मार्केटिंग तथा अवसर एचआर सर्विस 50 पदों पर ऑपरेटर के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
नौकरी के लिए जरूरी दस्तावेज
अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा एवं पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ कैंप में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजन कार्यालय के फोन नंबर 06224-467006 पर संपर्क किया जा सकता है।
