जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर जदयू के लिए ऐतिहासिक दिन है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर जदयू के लिए ऐतिहासिक दिन है। इस अवसर पर ‘सुशासन दिवस’ के तहत ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारियों और संबंधित प्रभारियों को बैठक के लिए बुलाया गया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास के लिए काम किया है और 500 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति ऐसी थी कि लोग शाम होने के बाद घरों से बाहर निकलने में भी डरते थे और राज्य में अंधेरे का माहौल था।
नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार का कायाकल्प किया और राज्य में सुशासन स्थापित किया। इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन दिवस मनाया जाएगा।
वहीं, विधानपरिषद चुनाव में जदयू को जिन तीन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा, उनकी समीक्षा 5 नवंबर को की जाएगी। उमेश कुशवाहा ने कहा कि इन सीटों पर हार के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संबंधित लोगों से फीडबैक लिया जाएगा और यह समझने की कोशिश की जाएगी कि आखिर पार्टी इन तीनों सीटों पर क्यों हार गई।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस सीट पर चैलेंज था उस सीट पर जदयू ने जीत हासिल की है।
