न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
विष्णु कुमार गुप्ता / सुपौल : सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हरियाही के पास गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर लोगों ने शव रखकर धरना दिया और फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीण हरियाही के पास ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर अड़े रहे। धरने में निर्मली के प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश कुमार यादव भी हाइवे पर बैठ गए।
मृतक की पहचान हरियाही वार्ड संख्या-7 निवासी 68 वर्षीय देव नारायण राउत के रूप में हुई है। बताया गया कि वे साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान हरियाही के पास फोरलेन सड़क पार करने के दौरान बांस लदे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और शव के साथ NH-27 को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, डीएसपी अनुपेश नारायण और प्रभारी अंचलाधिकारी शाहिना बेगम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर अड़े रहे।
प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश कुमार यादव ने कहा कि हरियाही के पास फोरलेन बनने के बाद अब तक दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए यहां जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं।
एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है कि हरियाही में ओवरब्रिज निर्माण की मांग से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। हालांकि सुबह लगभग 9 बजे से 11.40 बजे तक ग्रामीण धरने पर डटे हुए थे और NH-27 पर जाम जारी था।
