न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अफरोज आलम / समस्तीपुर : बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहाँ जिले में सोमवार सुबह एक छात्रा की बीच सड़क गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की है, जहां स्कूल जा रही छात्रा पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से चार खोखे बरामद
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। मृतका की पहचान कैजिया गांव के वार्ड-14 निवासी उमेश ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोनम सोमवार सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से विद्यालय के लिए निकली थी। घर से कुछ दूरी पर मलंग स्थान के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाया और लगातार गोलियां चला दीं। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं।
हमलावरों की पहचान जारी
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
मृतका के पिता उमेश ठाकुर ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनकी बेटी ने घर में बताया था कि एक युवक उस पर शादी करने का दबाव बना रहा है। पिता के अनुसार युवक ने कथित तौर पर कहा था कि अगर शादी नहीं की तो गोली मार देगा।
पुलिस की विशेष टीम गठित
पुलिस अब इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है। सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
