न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : दरभंगा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मद्य निषेध विभाग सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से कुल 6 मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
गिरफ्तार अभ्यर्थियों के पास से ब्लूटूथ सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सभी आरोपी सॉल्वर गैंग से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि परीक्षा पास कराने के लिए 6-6 लाख रुपये में डील तय हुई थी।
उम्र में किया गया हेरफेर
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी उम्र में हेरफेर कर दोबारा परीक्षा दे रहे थे, जबकि कुछ जुड़वां भाई के नाम पर परीक्षा में शामिल हो रहे थे। वहीं कई अभ्यर्थी दूसरे के नाम पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए हैं। इस कार्रवाई का नेतृत्व सदर SDO संजीत कुमार और SDPO राजीव कुमार ने किया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जिला प्रशासन को पहले से ही इस गड़बड़ी की सूचना मिल चुकी थी, जिसके बाद सख्त निगरानी में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।
