आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड मंदिर स्थित पुल के समीप हथियारबंद बदमाशों ने हार्डवेयर दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
संजय श्रीवास्तव/आरा: आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड मंदिर स्थित पुल के समीप शनिवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने हार्डवेयर दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। दुकानदार को काफी करीब से सिर में गोली मारी गई।
इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। सूचना पाकर सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार एवं नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत ने सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के बडिहां गांव निवासी सह रिटायर आर्मी स्व. बैजू सिंह के पुत्र उपेन्द्र कुमार सिंह (36) हैं। वर्तमान में वह वार्ड नंबर-44 गौतम बुद्ध नगर गोढ़ना में रहते हैं। मृतक का नवादा थाना क्षेत्र के न्यू बहिरो में अपने ही जमीन में हार्डवेयर की दुकान सह मकान है।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह ही वह अपने ससुराल पटना के पालीगंज से आरा लौटे थे। इसके बाद बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
