न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के कटिहार जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जहाँ पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया गांव में चाकूबाजी की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना पोठिया गांव के वार्ड नंबर 14 की है, जहाँ आज सुबह करीब 10 बजे दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में 20 वर्षीय गणेश कुमार रविदास की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई 22 वर्षीय त्रिलोक कुमार रविदास गंभीर रूप से घायल है। वहीं ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश का पड़ोस के ही सौरव कुमार यादव के साथ पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि आज सुबह कहासुनी के बाद यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू के हमले में गणेश के सीने पर और बड़े भाई त्रिलोक के पेट में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने दोनों को आनन-फानन में फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही गणेश ने दम तोड़ दिया। वहीं त्रिलोक की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार और एसआई धर्मेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही विवाद की असली वजह और हत्यारों का पता चल पाएगा।
