न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राजू राज / दानापुर : पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रवाना किया। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जहाँ पटना पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से भरी विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। सभी नेताओं ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
स्टेशन परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। यात्रियों ने भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना करते हुए खुशी-खुशी सोमनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया। यह विशेष ट्रेन धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
