न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क
चंद्र प्रकाश / मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर पुलिस ने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में हुए युवक के अपहरण मामले का महज चार घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से अपहरण में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
चला छापेमारी अभियान
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से एक युवक के अज्ञात अपराधियों द्वारा चारपहिया वाहन से अपहरण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में घेराबंदी, सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
वाहन समेत आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी के भय से अपहरणकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसे छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर एक आरोपी मो. रहमान (थाना- कांटी, जिला- मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया।
प्रेम प्रसंग का भी मामला
पीड़ित आयुष कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर काजी मोहम्मदपुर थाना कांड संख्या 217/26 दर्ज किया गया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि अपहृत युवक और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद था। इसके अलावा प्रेम-प्रसंग को लेकर भी विवाद चल रहा था, जिसके कारण घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
