न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में अगले 48 घंटों तक मानसून पूरी तरह एक्टिव रहने वाला है। मौसम विभाग ने आज (सोमवार) बिहार के 14 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई इलाकों में आसमानी बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में सावधान रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन 14 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें पटना, गया, वैशाली, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद और नवादा शामिल हैं। इन जिलों के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। वहीं, इन जिलों के आसपास के 12 अन्य जिलों में भी बादल छाए रहेंगे और वहां हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।
कोसी बराज से छूटा पानी, दरभंगा में बाढ़
बिहार में एक तरफ बारिश का अलर्ट है तो वहीं दूसरी तरफ बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोसी बराज पर पानी का दबाव बहुत अधिक बढ़ गया है। रविवार की शाम कोसी बराज से 2 लाख 9 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। इतनी भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद दरभंगा जिले में हालात बिगड़ गए हैं। यहां के 20 से ज्यादा गांव बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं।
अगले 7 दिनों के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 21, 22 और 23 जुलाई को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर और पश्चिम बिहार के जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण और मध्य बिहार के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस बारिश के कारण राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी।
