न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना : अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान और चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण ने पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ छोटे लोगों पर की जा रही है। जबकि, ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दान का सार्वजनिक हिसाब दे सरकार
कांग्रेस सांसद ने यह भी सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गठित ट्रस्ट में कथित गड़बड़ियों पर सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है। हजारों करोड़ रुपये के दान का सार्वजनिक हिसाब क्यों नहीं दिया गया और प्राण प्रतिष्ठा पर हुए खर्च की भी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई जा रही है।
महाकुंभ मामले में भी आरोप
महाकुंभ से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता की अदालत तक लेकर जाएगी।
