भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पन्नशाला में मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
शम्भू भगत/भागलपुर: भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पन्नशाला में मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन खाने के बाद करीब 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना है।
बीमार बच्चों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चों को भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान खाने में छिपकली दिखाई दी। तब तक कुछ बच्चे भोजन कर चुके थे। छिपकली मिलने के बाद बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को खाना खाने से रोक दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड के अधिकारी स्कूल पहुंचे और मामले की जांच की। भोजन में मिली छिपकली को सुरक्षित रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं भोजन की आपूर्ति करने वाले एनजीओ के अधिकारियों का दावा है कि खाना बंद डिब्बे में भेजा जाता है और स्कूल में डिब्बा खोलने के बाद छिपकली गिरने की आशंका है।
दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों और भोजन में छिपकली मिलने के मामले की जांच की जा रही है।
