न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चकवाय गांव और चैनपुरा राइस मिल के पास छापेमारी की।
पुलिस ने चकवाय से अजीत कुमार तथा चैनपुरा से शुभम राज और महेश कुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से 9 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 कीपैड मोबाइल, एक बैंक पासबुक और दो पन्नों का कस्टमर डाटा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बजाज फाइनेंस,रिलायंस फाइनेंस सहित विभिन्न कंपनियों से लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात सामने आई। इसके अलावा होटल और गेस्ट हाउस बुकिंग के नाम पर भी लोगों से साइबर ठगी की जाती थी। आरोपी कस्टमर डाटा में दर्ज नाम, पता और मोबाइल नंबर के आधार पर लोगों से संपर्क कर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।
