न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना : विकास भवन और विद्युत भवन के पास मेट्रो का काम शुरू हो चुका है। जिस कारण बेली रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। इसे ध्यान में रखते हुए बेली रोड पर पीक आवर में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। सुबह 10 से 11 बजे और शाम 5 से 6 बजे तक आयकर गोलंबर से चलने वाले ऑटो व ई-रिक्शा वीरचंद पटेल पथ होते हुए आर. ब्लॉक गोलंबर, हार्डिंग रोड, पटेल गोलंबर, एयरपोर्ट, डुमरा चौकी से आगे सगुना मोड़ की ओर जाएंगे।
सगुना मोड़ से आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा डुमरा चौकी से एयरपोर्ट, पटेल गोलंबर, हार्डिंग रोड, आर. ब्लॉक चौराहा, जीपीओ गोलंबर मल्टी मॉडल हब जाएँगे। निजी वाहन, नगर बस सेवा, स्कूली बस पीक आवर में भी सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर तक जाएँगी। सोमवार को इन रूटों पर ट्रायल हुआ। जाम भी लगा, पर पीक आवर के बाद परिचालन ठीक रहा। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि पीक आवर में राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पीछे वाली सड़क पर सगुना मोड़ से आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा नहीं जाएँगे। आने वाले दिनों में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर भी बदलाव करना पड़ेगा।
बदला हुआ ट्रैफिक रूट
- निजी वाहन और सिटी बसें आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ आना-जाना करेंगी।
- कॉमर्शियल वाहन आयकर गोलंबर से वीरचंद पटेल पथ होते हुए आर. ब्लॉक गोलंबर, हार्डिंग रोड, पटेल गोलंबर, एयरपोर्ट, डुमरा चौकी से आगे सगुना मोड़ की ओर जाएंगे।
- आयकर गोलंबर से मंदिरी नाला रोड से बाँसघाट, पटना-दीघा रोड से आगे जाएंगे।
- सगुना मोड़ से कॉमर्शियल वाहन डुमरा चौकी से एयरपोर्ट, पटेल गोलंबर, हार्डिंग रोड, आर. ब्लॉक चौराहा, जीपीओ गोलंबर स्थित मल्टी मॉडल हब तक जाएंगे।
- सगुना मोड़ से अन्य वाहन राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पीछे से ऊर्जा स्टेडियम, डॉ. भरत सिंह मोड़, पुनाईचक रोड होते हुए बेली रोड तक जाएंगे।
