पहले मांगी लिफ्ट, फिर गर्दन पर रखा चाकू; बीपीएससी अभ्यर्थी पर जानलेवा हमला कर बाइक लूट फरार हुए अपराधी
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
इंद्रदेव / सहरसा – सहरसा जिले के बलवाहट थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी बाइक लूट ली। घटना सतरस पुला के पास की बताई जा रही है, जहां घोघसम वार्ड संख्या-5 निवासी प्रिंस कुमार (30 वर्ष), पिता शंकर कुमार यादव उर्फ भीम यादव, गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रिंस कुमार बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वह अपने घर से सीओ कार्यालय की ओर मोटेशन से जुड़े कार्य के लिए बाइक से अकेले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने हाथ देकर उनसे लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते प्रिंस ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया, लेकिन कुछ दूर आगे बढ़ते ही युवक ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हाईलाइट्स –
- सहरसा के बलवाहट थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला।
- बीपीएससी की तैयारी कर रहे प्रिंस कुमार को लिफ्ट मांगने के बहाने बनाया गया निशाना।
- गर्दन पर चाकू से वार कर अपराधियों ने बाइक लूट ली।
- गंभीर रूप से घायल युवक का सहरसा सदर अस्पताल में इलाज जारी।
- परिजनों ने घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई।
- पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी।
गर्दन पर किया चाकू से वार, पीछे से पहुंचे दो और युवक
जानकारी के अनुसार, लिफ्ट लेने वाले युवक ने पहले प्रिंस कुमार से उनके गंतव्य के बारे में बातचीत की और फिर अचानक चाकू निकालकर उनकी गर्दन पर वार कर दिया। हमले से प्रिंस बाइक से गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आए दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए और घायल अवस्था में पड़े प्रिंस को घेर लिया। बदमाशों ने उनकी बाइक छीन ली और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने जताई आपसी रंजिश की आशंका
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यह सिर्फ लूटपाट की घटना नहीं भी हो सकती है और इसके पीछे किसी पुरानी रंजिश की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – एमएलसी उम्मीदवार बनने के बाद बोले पवन सिंह- पार्टी मेरी मां है, जीवन भर भाजपा का सच्चा सेवक बनकर काम करुंगा..
