न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अपशब्द कहते हुए धमकी भी दी है। कॉल करने वाले ने 5 जून को पार्सल बुकिंग का झांसा देकर संपर्क किया और बाद में लगातार अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए परेशान किया।
आप्त सचिव ने दर्ज कराई शिकायत
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव वीरेंद्र कुमार ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बनाई गई पुलिस की एक्सपर्ट टीम
इस मामले की जांच के लिए पटना पुलिस और साइबर पुलिस की एक्सपर्ट टीम बनाई गई है। जिस नंबर से कॉल आया था उस नंबर को ट्रैक लोकेशन किया गया है। थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद छापेमारी शुरू कर दी गई है।
साइबर फ्रॉड गिरोह की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला साइबर फ्रॉड और ठगी गिरोह से जुड़ा लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह पार्सल बुकिंग के नाम पर लोगों को डराने-धमकाने और फंसाने की कोशिश करता है। पुलिस का दवा है कि जल्द पूरे मामले में गिरफ्तारी होगी। जल्द से जल्द इस पूरे मामले का खुलासा भी होगा।
पुलिस जांच तेज, नंबर ट्रेस करने में जुटी टीम
साइबर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल और नंबर की ट्रेसिंग की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा कर रही है।
