न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: पटना के मसौढ़ी में बुधवार की सुबह फिर से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात अपराधी अजय पासवान के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके एक साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को भी मौके से गिरफ्तार किया है।
सिक्योरिटी वैन से 27 लूट मामले में शामिल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये लोग हाल ही में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपए लूट मामले में शामिल हुए थे। पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी कि अजय पासवान अपने कुछ साथियों के साथ चरमा गांव में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा हैं। इस सूचना के आधार पर मसौढ़ी पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही अपराधी भागने की कोशिश करने लगे और पुलिस पर 2 राउंड फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा गांव की है।
भागने की फिराक में था दूसरी अपराधी
घायल को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दूसरा अपराधी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अजय पासवान और उसके गिरोह ने 2 दिन पहले मसौढ़ी के एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने की साजिश रची थी। इसके लिए अपराधियों ने व्यवसायी और दुकान की रेकी भी की थी।
मौके से पिस्टल, कट्टा-कारतूस बरामद
अजय पासवान हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में सिक्योरिटी वाहन से 27 लाख रुपए लूट की घटना में भी शामिल था। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों अपराधियों पर विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
अपराधियों की तलाश को छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और उनके गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
