न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में मौसम ने अपना रंग बदलना शुरू कर दिया है। मौसम के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी से हीट वेव से निजात मिली है। कई जिलों में मौसम की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। राज्य के 23 शहरों के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को आंशिक कमी आई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की तरफ से शनिवार को किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अररिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल में मेघ-गर्जन और वज्रपात का अलर्ट है। बिहार के सात जिलों में आज बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण मध्य बिहार में भी एक दो जगहों पर आंधी -पानी की संभावना है। इस कड़ी में 28 और 29 जून को राज्य में कई जगहों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है।
मानसूनी बारिश के लिए अभी करना होगा इंतजार
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने की वजह से यह स्थिति बन रही है। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। लेकिन पूरवा हवा से बढ़ रही उमस लोगों को बेचैन किए हुए है।
