बेगूसराय DTO कार्यालय में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, वाहन ट्रांसफर के नाम पर घूस लेते क्लर्क समेत दो आरोपी गिरफ्तार
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (संजय कुमार,बेगूसराय) बेगूसराय में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में अचानक हुई छापेमारी के दौरान टीम ने एक क्लर्क और उसके कथित दलाल को रंगे हाथ रिश्वत लेते धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीटीओ ऑफिस के क्लर्क संजय कुमार और दलाल शिवानंद झा के रूप में हुई है। दोनों पर एक वाहन को ट्रांसफर करने के एवज में अवैध रकम वसूलने का आरोप है।
पीड़ित ने पटना में दर्ज कराई थी शिकायत, सत्यापन के बाद जाल में फंसे आरोपी
पूरा मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरौली गांव निवासी सत्यम कुमार से जुड़ा है। सत्यम से गाड़ी ट्रांसफर करने के नाम पर 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। परेशान होकर सत्यम कुमार ने 22 मई को निगरानी विभाग, पटना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। विभाग ने जब मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, तो रिश्वत मांगने का आरोप बिल्कुल सही पाया गया। इसके बाद कांड संख्या 63/26 के तहत कार्रवाई की रणनीति बनाई गई।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई छापेमारी, दफ्तर में मचा हड़कंप
निगरानी विभाग के डीएसपी रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष टीम बेगूसराय डीटीओ कार्यालय पहुंची। जैसे ही पीड़ित ने रिश्वत की रकम आगे बढ़ाई, टीम ने क्लर्क संजय कुमार और दलाल शिवानंद झा को रंगे हाथ दबोच लिया। सतर्क विजिलेंस टीम की इस अचानक एंट्री से पूरे डीटीओ ऑफिस में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
सर्किट हाउस में पूछताछ जारी, आरोपियों को पटना ले जाने की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को तुरंत बेगूसराय सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। आगे की सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों को पटना ले जाने की तैयारी है। निगरानी विभाग के इस बड़े एक्शन को सरकारी दफ्तरों में जड़ जमा चुके दलाल तंत्र और भ्रष्टाचार पर एक करारी चोट माना जा रहा है।
