न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) बिहार की सियासत से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को पटना स्थित उनका मौजूदा सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। इस आदेश के बाद राजधानी के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मंत्री नंदकिशोर राम को मिला नया ठिकाना
जारी किए गए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, पटना के वीवीआईपी इलाके में स्थित बंगला संख्या-10 (सर्कुलर रोड), जो लंबे समय से राबड़ी आवास के रूप में जाना जाता रहा है, अब कैबिनेट मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट कर दिया गया है। विभाग ने नियमानुसार वर्तमान आवंटन को रद्द करते हुए नया आदेश प्रभावी किया है।
हार्डिंग रोड पर शिफ्ट होना होगा नेता प्रतिपक्ष को
प्रशासनिक सूत्रों और पत्र में दिए गए हवाले के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के लिए पहले ही हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या-३९ का निर्धारण किया जा चुका है। विभाग का कहना है कि पद और प्रोटोकॉल के मुताबिक वैकल्पिक व्यवस्था पहले ही तय की जा चुकी है, जिसके आधार पर अब 10 सर्कुलर रोड स्थित परिसर को खाली करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
