Voice of Eastern India

लोक संवाद गोष्ठी में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, त्वरित समाधान का मिला भरोसा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / शेरघाटी:
प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में  शेरघाटी अनुमंडल क्षेत्र में लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीपीओ संदीप कुमार ने की। गोष्ठी में विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान को लेकर प्रशासन ने गंभीर पहल का भरोसा दिया।

संबंधित विभागों तक पहुंचेगी समस्या

गोष्ठी का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाना और समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारी थानाप्रभारी मोहन कुमा, रूपा कुमारी, पूजा कुमारी, आभान्स कुमार तथा रविराज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम को जनसंवाद का प्रभावी मंच बना दिया।

इन समस्याओं पर फोकस

इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली बिल में गड़बड़ी, नल-जल योजना के संचालन में अनियमितता, भूमि विवाद, राशन कार्ड से नाम कटने तथा अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की अपील 

एसडीपीओ संदीप कुमार ने कहा कि लोक संवाद गोष्ठी प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब आम लोग खुलकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि उसका शीघ्र निराकरण कराया जा सके।

आवेदनों का प्राथमिकतानुसार निष्पादन

गोष्ठी के दौरान कुल सात आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम में सुबोध सिंह, अरविंद सिंह, मन्नू सिंह, राजेश सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनकी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचती हैं और समाधान की उम्मीद भी बढ़ती है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.