Voice of Eastern India

वैशाली में नव विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप



वैशाली के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के जुड़ावनपुर थाना अंतर्गत वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार (वैशाली):
वैशाली के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के जुड़ावनपुर थाना अंतर्गत वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना रविवार की अहले सुबह की बताई जा रही है।

मृतका की पहचान जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के चकसिंगार गांव निवासी शंकर राम की पुत्री अंजली कुमारी (19) के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि उनकी बहन अंजली कुमारी की शादी हिंदू रीति-रिवाज से जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 निवासी शंकर राम के साथ चार माह पूर्व हुई थी। शादी के दौरान दहेज में डेढ़ लाख रुपये नकद सहित सभी मांगें पूरी की गई थीं। लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति शंकर राम दहेज में चार चक्का गाड़ी की मांग करने लगा था।

राहुल कुमार ने बताया कि दहेज को लेकर पहले भी कई बार विवाद हुआ था। उन्होंने पति को समझाया था कि अभी उनके पास रुपया नहीं है, लेकिन जैसे ही रुपया होगा मांग पूरी कर दी जाएगी। इसके बावजूद पति शंकर राम अपनी मांग पर अड़ा रहा।

मृतका के भाई ने आगे बताया कि शनिवार की देर रात उनके बहनोई (जीजा) शंकर राम ने मोबाइल पर खबर दी कि वे लोग रविवार की सुबह उनके घर से अंजली कुमारी को ले जाएं। उन्होंने कहा कि यदि ससुराल वालों को दो लाख रुपये नहीं दिए गए तो वे उनकी हत्या कर देंगे। रविवार की अहले सुबह उन्हें ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनकी पुत्री की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई है।

सूचना मिलते ही राहुल कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। वहां देखा कि उनकी बहन अंजली कुमारी का शव घर के बाहर रखा हुआ है तथा गले में काला दाग का निशान है, जिससे पता चलता है कि उनकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के शव को ठिकाने लगाने की पति शंकर राम कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वह शोरगुल करने लगा। शोरगुल की आवाज पर जब ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे तो शंकर राम शव को घर के दरवाजे पर छोड़कर फरार हो गया।

राहुल कुमार द्वारा सूचना मिलने के बाद जुड़ावनपुर थाना के पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से मृतका अंजली कुमारी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को पति शंकर राम दहेज के खातिर हमेशा मारपीट किया करते थे तथा खाना-पीना भी सही ढंग से नहीं देते थे।

घटना के संबंध में जुड़ावनपुर थाना के पुलिस प्रशासन ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक विभाग हाजीपुर की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर गहन जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि अभी तक न तो मायके वालों की ओर से और न ही ससुराल वालों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.