Voice of Eastern India

श्रावणी मेला से पहले रेल पुलिस हाई अलर्ट, स्टेशन-ट्रेन में बढ़ेगी निगरानी, तैनात होंगे अतिरिक्त जवान


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

दिवाकर कुमार / मुंगेर –   विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर रेल जिला जमालपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आगामी 31 जुलाई से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी तैयारी के तहत शनिवार को एसआरपी कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसआरपी विद्यासागर ने की। बैठक में सुल्तानगंज, भागलपुर, जमालपुर, किऊल और झाझा रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी ताकि मेला अवधि के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हाईलाइट्स –

  • श्रावणी मेला को लेकर रेल जिला जमालपुर पुलिस हाई अलर्ट पर।
  • सुल्तानगंज, भागलपुर, जमालपुर, किऊल और झाझा स्टेशनों पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा।
  • अतिरिक्त केंद्रीय जवानों की तैनाती और ट्रेनों में विशेष गश्त का फैसला।
  • नशाखुरानी गिरोह, चोरी और शराब तस्करी पर रहेगी विशेष नजर।
  • यात्रियों के सामान और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश।

स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में बढ़ेगी निगरानी

बैठक के दौरान एसआरपी विद्यासागर ने सभी रेल थाना प्रभारियों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। यात्रियों के सामानों की नियमित जांच की जाएगी और खासकर पिट्ठू बैग लेकर यात्रा करने वाले लोगों की सघन तलाशी ली जाएगी। रेल पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे या संदिग्ध गतिविधि को समय रहते पहचानकर उसे रोकना है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नशाखुरानी गिरोह और अपराधियों पर रहेगा विशेष फोकस

श्रावणी मेला के दौरान सक्रिय होने वाले नशाखुरानी गिरोहों को देखते हुए रेल पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतने का फैसला किया है। एसआरपी ने अधिकारियों को ऐसे गिरोहों पर कड़ी निगरानी रखने और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही शराब तस्करी, चोरी, जेबकतरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा गया है। बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए रेल पुलिस पूरी तरह तैयार है।

इसे भी पढ़ें –  2015 से 2026 तक… क्या यह सिर्फ संयोग है या बिहार में चली किसी लंबी राजनीतिक रणनीति की कहानी? पढ़िए खास रिपोर्ट !

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.