न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने प्रशासनिक सेवा में जाने का ख्वाब देख रहे युवाओं का इंतजार खत्म करते हुए 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने नतीजों की घोषणा करते हुए इसे बीपीएससी के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा करार दिया. इस ऐतिहासिक परीक्षा में श्रद्धा पांडे ने राज्य भर में पहला स्थान हासिल कर टॉप किया है, जबकि शशांक गौरव और आयुष बिजॉय संयुक्त रूप से दूसरे पायदान (सेकंड टॉपर) पर रहे हैं.
2035 पदों का मुकाबला, 8 सीटें रह गईं खाली
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रशासनिक महकमे में अलग-अलग विभागों के लिए कुल 2035 रिक्तियां निकाली गई थीं. कड़े इम्तिहान और चयन प्रक्रिया के बाद इनमें से 2027 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है. चयनित उम्मीदवार अब बिहार में एसडीएम (SDM), डीएसपी (DSP) और रेवेन्यू ऑफिसर (राजस्व अधिकारी) जैसे प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएं देंगे. हालांकि, योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण दिव्यांग कोटे के 8 पद इस बार खाली रह गए हैं.
“इतिहास की सबसे बड़ी वैकेंसी, इसलिए लगा वक्त” — परिणाम में देरी पर अध्यक्ष की सफाई
नतीजे आने में हुए विलंब को लेकर उठ रहे सवालों पर आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने आंकड़ों के साथ स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि 68वीं परीक्षा में महज 324 पदों के लिए 817 अभ्यर्थियों और 69वीं में 475 पदों के लिए 1252 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया था. इसके विपरीत, 70वीं परीक्षा में रिकॉर्ड 2035 सीटें थीं, जिसके चलते कुल 5450 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) करना पड़ा. आयोग का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की निष्पक्ष जांच और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करने में स्वाभाविक रूप से समय लगा है.
ये हैं बिहार के नए ‘टॉप-10’ प्रशासनिक सितारे
आयोग द्वारा जारी मेधा सूची (Merit List) के अनुसार, टॉप-10 में जगह बनाने वाले होनहारों के नाम इस प्रकार हैं:
-
श्रद्धा पांडे (टॉपर)
-
शशांक गौरव
-
आयुष विजॉय
-
परीक्षित मदन
-
उदय प्रताप यादव
-
रश्मि किरण
-
लक्ष्मीकांत मिश्रा
-
चंद्रकांता कुमारी
-
उपासना शर्मा
-
प्रिया
