न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार सरकार ने ग्राम पंचायतों के विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाने की योजना बनाई है। इसी क्रम में 28 जून को राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में इस दिवस का पालन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर जिले की एक चयनित ग्राम पंचायत से करेंगे। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से निर्देश जारी किया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य
बिहार सरकार ने बापू के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करना और पंचायतों को ग्रामीण विकास का सशक्त केंद्र बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम तय किया है। बता दें कि पंचायती राज संस्थाओं को महत्वपूर्ण अधिकार और जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें ग्राम पंचायत सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। यह ग्रामीणों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में सीधी भूमिका निभाती है। सरकार की योजना है कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और अन्य हितधारकों के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों और सचिवों को अपने-अपने आवंटित जिले की किसी एक पंचायत में कार्यक्रम में शामिल होने का आदेश जारी किया है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन हो सके और पंचायतों को अधिक सशक्त बनाया जा सके।
