Voice of Eastern India

DG कुंदन कृष्णन पर RJD सांसद सुधाकर सिंह का बड़ा आरोप, 150 करोड़ की प्रॉपर्टी का दावा



भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब वरिष्ठ IPS अधिकारी और पुलिस मुख्यालय के DG कुंदन कृष्णन की कथित संपत्ति तक पहुंच गया है।




राजद सांसद सुधाकर सिंह

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब वरिष्ठ IPS अधिकारी और पुलिस मुख्यालय के DG कुंदन कृष्णन की कथित संपत्ति तक पहुंच गया है। बक्सर से RJD सांसद सुधाकर सिंह ने कुंदन कृष्णन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया है। सांसद का दावा है कि कुंदन कृष्णन ने अपनी पूरी नौकरी में करीब 3 करोड़ रुपये कमाए, जबकि उनकी कुल संपत्ति लगभग 150 करोड़ रुपये है। इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जांच के आदेश दिए हैं।

मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुधाकर सिंह ने कुंदन कृष्णन की संपत्ति को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कुंदन कृष्णन और उनकी पत्नी की घोषित संपत्ति का मूल्य पैतृक संपत्ति को छोड़कर करीब 87 करोड़ रुपये है। वहीं, सांसद के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति का अनुमान करीब 150 करोड़ रुपये है।

RJD सांसद ने आरोप लगाया कि कुंदन कृष्णन के करीबी रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के नाम पर करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदी गई है। उन्होंने आशंका जताई कि कथित तौर पर काली कमाई से दूसरे लोगों के नाम पर जमीन और अन्य संपत्तियां अर्जित की गई हैं।

सुधाकर सिंह ने दावा किया कि पटना SSP रहते हुए भी कुंदन कृष्णन ने राजधानी में कई संपत्तियां अर्जित की थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सभी संपत्तियों की जांच कराने और संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है।

दरअसल, भरत तिवारी एनकाउंटर समेत करीब डेढ़ दर्जन कथित एनकाउंटर मामलों को लेकर सुधाकर सिंह ने कुंदन कृष्णन पर सवाल उठाए थे। इसके बाद वरिष्ठ IPS अधिकारी की ओर से RJD सांसद को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया था।

सुधाकर सिंह का आरोप है कि कानूनी नोटिस के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के कामकाज पर सवाल उठाना जनप्रतिनिधियों का अधिकार है।

शेयर बाजार में निवेश को लेकर भी उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुधाकर सिंह ने कुंदन कृष्णन के शेयर बाजार में निवेश को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 36 लाख रुपये का निवेश किया गया है, जबकि इस तरह के निवेश की बात से इनकार किया गया है।

CM से लेकर लोकसभा स्पीकर तक लिख चुके हैं पत्र

इस पूरे विवाद को लेकर सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तक को पत्र लिखा था। उन्होंने मुख्यमंत्री से कुंदन कृष्णन की कथित संपत्ति और एनकाउंटर से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग की थी।

अब मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जांच का आदेश दिए जाने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। हालांकि, सांसद की ओर से लगाए गए संपत्ति संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.