न्यूज़ 11 भारत / पटना डेस्क : नवादा जिले की वारिसलीगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में माफी गली और अडानी सीमेंट फैक्ट्री के पश्चिम रेलवे लाइन के पास छापेमारी कर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
नेटवर्क की जाँच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 71,300 रुपये नकद, 2 आईफोन सहित 7 मोबाइल, 26 फर्जी एटीएम कार्ड, 7 फर्जी पासबुक, 2 फर्जी सिम, 6 चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आरसी और लेनदेन से जुड़ी कॉपी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुद्रा फाइनेंस, बजाज फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करते थे। इसके लिए ग्राहकों का डेटा जुटाकर फोन के माध्यम से ठगी की जाती थी। मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 376/26 दर्ज कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।
