न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : बिहार विधानमंडल के विस्तारित भवन में आयोजित AI और डिजिटल तकनीक पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति और कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल गवर्नेंस की नई तकनीकों से जोड़ना था, ताकि वे जनसेवा और अपने विधायी कार्यों में तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।
इसी कड़ी में मुरवा विधानसभा से विधायक रणविजय साहू ने इस पहल को समय की जरूरत बताते हुए इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम बेहद सराहनीय है और इससे जनप्रतिनिधियों को नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।
इस संबंध में विधायक रणविजय साहू ने कहा कि आज AI का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां भी बदल रही हैं और तकनीक का सही इस्तेमाल जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं को भी AI की ट्रेनिंग दिलाने का प्रयास करेंगे, ताकि तकनीक का लाभ संगठन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। विधायक ने इस पहल को बिहार के लिए एक सकारात्मक और भविष्य की जरूरत के अनुरूप कदम बताया।
