न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना समेत छह शहरों में 400 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन का रास्ता साफ हो गया है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार राज्य पथ परिवहन निगम और ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के बीच बुधवार को होटल मौर्या में बस परिचालन के लिए कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
इन शहरों में चलेंगी ये बसें
जानकारी के अनुसार, योजना के अंतर्गत बिहार को 35 एवं 42 सीटर की कुल 400 ई बसें प्राप्त होंगी। इन बसों का परिचालन पटना, गयाजी, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं पूर्णिया में किया जाएगा। पहले चरण में जुलाई से 200 बसों का परिचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिनमें महिलाओं के लिए 50 विशेष पिंक बसों का संचालन किया जाएगा।
एक से डेढ़ घंटे में पूरी चार्ज होंगी बसें
इलेक्ट्रिक बसों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के सभी छह प्रमंडलों में ऊर्जा विभाग के सहयोग से आधुनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जा रहा है। प्रत्येक बस डिपो में 50 बसों की क्षमता के लिए कुल आठ चार्जर लगाए जा रहे हैं। इनकी सहायता से बसों को लगभग एक से डेढ़ घंटे में पूरी तरह चार्ज किया जा सकेगा।
ई-बसों से प्रदूषण में आएगी कमी
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पीएम ई-बस सेवा योजना शहरी परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति लेकर आएगी। यह केवल बसों की संख्या बढ़ाने की योजना नहीं है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने का प्रयास है। ई-बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और ईंधन पर निर्भरता घटेगी। परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि ई-बसों के परिचालन से प्रमुख शहरों में यातायात प्रबंधन बेहतर होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया राज्य में बस टर्मिनलों के आधुनिकीकरण, ई-टिकटिंग व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए भी काम किया जा रहा है।
इन सुविधाओं से लैस होंगी ई-बसें
सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम, पैनिक बटन, पैसेंजर इंफार्मेशन सिस्टम, फायर सेफ्टी किट, फर्स्ट एड किट तथा मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट आदि।
