वैशाली मे नशे के कारोबार के खिलाफ वैशाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली: वैशाली मे नशे के कारोबार के खिलाफ वैशाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। हाजीपुर जंक्शन पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पुलिस ने एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बरामद हेरोइन की कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई SSP शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सदर SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी असम से ट्रेन के जरिए हेरोइन की खेप लेकर हाजीपुर पहुंचा था। SSP शुभांक मिश्रा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंक्शन पर घेराबंदी की और संदिग्ध तस्कर को दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 276.83 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 3170 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड और एक रेलवे टिकट भी बरामद किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि असम से हाजीपुर तक हेरोइन की खेप कैसे पहुंची और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल वैशाली पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
