न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी : शेरघाटी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीमार बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग की टीम से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एंबुलेंस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा खंडैल और दरियापुर गांव के बीच हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। देर रात तक मृत बच्चे की पहचान नहीं हो सकी थी।
इलाज के लिए जा रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में एक बीमार बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो ने सीधे एंबुलेंस में टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
उत्पाद विभाग की टीम से बचने के दौरान बिगड़ा संतुलन
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की टीम एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। खुद को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही एंबुलेंस में जा टकराया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर प्रदर्शन
मासूम बच्चे की मौत से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा उत्पाद विभाग की टीम पर भी फूट पड़ा। लोगों ने खंडैल गांव के पास उत्पाद विभाग की टीम को रोक लिया और काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर हंगामे की वजह से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस बल की मौजूदगी में हालात पर काबू पाया गया।
दो लोग हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
हंगामे के बीच उत्पाद विभाग की टीम ने स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर भारत यादव ने बताया कि ग्रामीण उत्पाद विभाग की टीम पर पीछा करने का आरोप लगा रहे हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने सड़क हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच चल रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई
