Voice of Eastern India

बिहार में 800 लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण, पांच थानों की कार्रवाई में बरामद थी खेप


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
राहुल कुमार / इमामगंज :
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत रविवार को इमामगंज थाना परिसर में करीब 800 लीटर जब्त देसी और अंग्रेजी शराब का विनष्टीकरण किया गया। अनुमंडल के पांच थाना क्षेत्रों से विभिन्न मामलों में जब्त की गई शराब को सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अधिकारियों की निगरानी में नष्ट किया गया।

विनष्टीकरण की कार्रवाई सीआई गुड्डू कुमार एवं उत्पाद विभाग के एसआई ओमप्रकाश कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। इस दौरान पुलिस एवं उत्पाद विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।

सीआई गुड्डू कुमार ने बताया कि नष्ट की गई शराब में करीब 600 लीटर महुआ निर्मित देसी शराब तथा 200 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल थी। यह शराब इमामगंज अनुमंडल के डुमरिया, छकरबंधा, भदवर, रौशनगंज और मैगरा थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में जब्त की गई थी।

उन्होंने बताया कि जब्त शराब के संबंध में न्यायालय एवं उत्पाद विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ शराब का विनष्टीकरण कराया गया।

सीआई ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या कारोबार होता दिखे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए नियमित छापेमारी, जब्ती और विनष्टीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.