न्यूज11 भारत
सीतामढ़ी/डेस्क: सीतामढ़ी परसौनी बेलसंड प्रखंड मुख्यालय स्थित कोठी चौक पर शनिवार को बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू ने जनसेवा कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक ने कार्यालय परिसर में झंडोत्तोलन किया. कार्यक्रम के दौरान अभियान बसेरा 2 के तहत बेलसंड के 27 और परसौनी के 28 भूमिहीन परिवारों के बीच बास-डीह का पर्चा भी वितरित किया गया. विधायक ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को उनका अधिकार दिलाना और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है. विधायक ने कहा कि बेलसंड स्पील चैनल निर्माण को लेकर 1600 किसानों की अधिग्रहित भूमि की करीब 83 करोड़ रुपए की बकाया राशि का मामला करीब आठ वर्षों से लंबित था. इस मुद्दे को विधानसभा के सत्र में प्रमुखता से उठाया गया. इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ी है. उन्होंने कहा कि अब जल्द ही किसानों को उनकी बकाया राशि मिलने की उम्मीद है.
जलकुंभी से एक हजार एकड़ खेती प्रभावित
विधायक ने मनुष्मरा नदी की समस्या का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भोरहा से बसौल पुल तक नदी में जलकुंभी फैलने से करीब एक हजार एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हो रही थी. किसानों की समस्या को देखते हुए जलकुंभी की सफाई और पानी की समुचित निकासी के लिए संबंधित विभाग के प्रधान सचिव से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की गई है. इस दिशा में कार्रवाई शुरू हुई है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बिजली, सड़क और सिंचाई समेत सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं. सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है.
जनता और जनप्रतिनिधि के बीच की दूरी होगी कम
जनसेवा कार्यालय खोलने के उद्देश्य पर विधायक ने कहा कि जनता को अपनी समस्या लेकर बार-बार कार्यालयों और अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से जनसेवा कार्यालय की शुरुआत की गई है. यहां क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकेंगे. संबंधित विभागों के अधिकारियों तक मामला पहुंचाकर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जनसेवा कार्यालय जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनेगा. विधायक ने कहा कि भूमिहीन, गरीब और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को भी जनसेवा कार्यालय के माध्यम से प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा. परसौनी और बेलसंड के 55 भूमिहीन परिवारों को बास-डीह का पर्चा मिलना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक उसका फायदा पहुंचे.
शहीदों के बलिदान को किया याद
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया. उन्होंने कहा कि आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. उनके त्याग को देश कभी भुला नहीं सकता. नई पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों और देश के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने की जरूरत है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: बाघ के हमले से किसान की मौत के बाद ग्रामीणों ने वनविभाग के गाड़ी पर किया हमला*
