Voice of Eastern India

बेगूसराय में थूक फेंकने को लेकर विवाद, युवक के सिर में ठोक दी गोली



बेगूसराय में मामूली विवाद ने गुरुवार सुबह खूनी रूप ले लिया।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बेगूसराय में मामूली विवाद ने गुरुवार सुबह खूनी रूप ले लिया। परिहारा थाना क्षेत्र के परिहारा गांव में घर के पास थूक फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद 34 वर्षीय रविभूषण सहनी को गोली मार दी गई। गोली उनके सिर के अगले हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

रात में हुआ था विवाद

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार रात रविभूषण सहनी और उनके पड़ोसी के बीच घर के पास थूक फेंकने को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी मामूली विवाद ने अगले दिन हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे न्यू मार्केट के पास पीपल के पेड़ के नजदीक पड़ोसी युवक ने रविभूषण को गोली मार दी। हालांकि, विवाद और गोलीबारी के बीच संबंध की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सिर में फंसी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली रविभूषण के सिर के अगले हिस्से में लगी और अंदर ही फंस गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिहारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

घटना के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल परिजनों की ओर से फर्द बयान या लिखित आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन और जांच के बाद घटना के कारणों तथा आरोपित की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

पिता की भी हुई थी हत्या

इस गोलीबारी की घटना के बाद गांव में करीब तीन दशक पुरानी एक और वारदात की चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 30 साल पहले रविभूषण सहनी के पिता की भी अपराधियों ने हत्या कर दी थी। अब रविभूषण पर हुए जानलेवा हमले ने इलाके में पुरानी घटना की यादें ताजा कर दी हैं।

Source link



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.